भीषण गर्मी के बीच राहत की बारिश, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
लखनऊ यूपी में भीषण गर्मी और लू के बीच गुरुवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश हुई। नोएडा से लेकर पूर्वांचल तक मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया।भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में खराब मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि झोंकों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, संभल, रामपुर, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मेघ गर्जन, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित 60 से अधिक जिलों में भी तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव आया है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।बारिश और ठंडी हवाओं से आमजन को राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज आंधी और ओलावृष्टि किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकती है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं और ओलों से खेतों में खड़ी फसलों, सब्जियों और फलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं