ब्रेकिंग न्यूज

भारतीय संस्कृति, आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बना ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’, पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य आयोजन


सुल्तानपुर जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन में सोमवार को भारतीय संस्कृति, आस्था और श्रद्धा के प्रतीक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत जनपद मुख्यालय स्थित पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे भाजपा नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल, भाजपा नगर उपाध्यक्ष मंजू तिवारी सहित अन्य महिलाओं द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके बाद पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार से शिव मंदिर, सीता कुण्ड घाट तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इसके उपरांत सभागार में आयोजित ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), डीसी एनआरएलएम के.डी. गोस्वामी, भाजपा नगर अध्यक्ष, नगर उपाध्यक्ष, महिला मोर्चा अध्यक्ष, अपना दल के जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि शैलेन्द्र प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया, जबकि जिला पर्यटन एवं सूचना अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी का स्वागत किया। कृषि विभाग के श्री तारकेश्वर ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली।इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ कार्यक्रम तथा गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। उपस्थित अतिथियों एवं जनसामान्य ने कार्यक्रम को बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ देखा और सुना।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकार राहुल पाण्डेय ने शिव तांडव, भजन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि पूरा सभागार भक्तिरस में डूब गया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मुख्य अतिथि की अनुमति के पश्चात धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं