ब्रेकिंग न्यूज

ननद-भाभी की जोड़ी ने रचा इतिहास: UPPSC 2024 में साथ पाई सफलता


सिविल सेवा की तैयारी को आमतौर पर कठिन, लंबा और एकांत भरा सफर माना जाता है। लेकिन जब इस राह में परिवार का साथ और सही साथी मिल जाए तो मुश्किलें आसान हो जाती हैं और मंजिलें खुद-ब-खुद करीब आने लगती हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) 2024 के नतीजों में ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां ननद और भाभी की जोड़ी ने एक साथ सफलता हासिल कर मिसाल कायम की है।प्रयागराज की आकृति शुक्ला ने प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल कर डिप्टी एसपी  का पद प्राप्त किया है। वहीं उनकी भाभी श्रेया शर्मा ने 37वीं रैंक हासिल कर कमर्शियल टैक्स ऑफिसर बनकर परिवार का नाम रोशन किया है। यह कहानी केवल दो सफल पदों की नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, विश्वास और मेहनत की मिसाल है।श्रेया शर्मा पहले बेंगलुरु में सीएजी कार्यालय में ऑडिटर के पद पर कार्यरत थीं। नौकरी अच्छी होने के बावजूद उनके मन में सिविल सेवा में जाने का सपना अधूरा रह गया था। शादी के बाद जब वे अपने ससुराल पहुंचीं तो उनकी मुलाकात अपनी ननद आकृति शुक्ला से हुई जो पहले से ही पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया।दोनों ने मिलकर पढ़ाई शुरू की। वे एक-दूसरे के नोट्स साझा करतीं, कठिन विषयों पर चर्चा करतीं और जब कभी मनोबल कमजोर पड़ता, तो एक-दूसरे का हौसला बढ़ातीं। यह साझेदारी उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत बन गई।श्रेया शर्मा के लिए यह सफलता उनके तीसरे प्रयास में मिली है। उनके पिता संजय शर्मा रेलवे में कार्यरत हैं और माता निर्मला शर्मा गृहिणी हैं। श्रेया बताती हैं कि नौकरी के बावजूद उन्हें आत्मसंतुष्टि नहीं मिल रही थी, क्योंकि उनका असली सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था। इस सपने को साकार करने में उनके पति अमित शुक्ला और पूरे ससुराल का भरपूर सहयोग मिला।अमित शुक्ला, जो एक एआई इंजीनियर हैं, ने भी श्रेया को हर कदम पर प्रेरित किया। शादी के बाद ननद आकृति के साथ मिलकर की गई तैयारी श्रेया के लिए गेम चेंजर साबित हुई।

कोई टिप्पणी नहीं