सुल्तानपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ, नामांकन बढ़ाने पर जोर
सुल्तानपुर जनपद में सत्र 2026-27 के अंतर्गत ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ उच्च प्राथमिक विद्यालय अमहट, दूबेपुर के परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एम.एल.सी. शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक विनोद सिंह तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।कार्यक्रम की शुरुआत पी.एम. श्री प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया।
इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय उघडपुर भटपुरा एवं प्राथमिक विद्यालय तुराबखानी के बच्चों ने ‘स्कूल चलो अभियान’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया।अपने संबोधन में एम.एल.सी. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा बच्चों के सीखने की मजबूत नींव होती है, इसलिए सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालयों में खेल-आधारित और क्रियात्मक शिक्षण पद्धति को बढ़ावा देने पर बल दिया।
विधायक विनोद सिंह ने कहा कि विद्यालय ही देश के भविष्य का निर्माण करते हैं, इसलिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की।मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आज बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र राष्ट्रीय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति, नवोदय और विद्याज्ञान जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं, जो शिक्षा में सुधार का प्रमाण है। उन्होंने नामांकन बढ़ाने के लिए अभिभावकों से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं अभियान संयोजक उपेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया और कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर बच्चा पढ़े और आगे बढ़े। उन्होंने सभी से अपने नजदीकी विद्यालय में बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने शिक्षकों से बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने हेतु आनंदमय शिक्षण वातावरण बनाने का आह्वान किया। जिला सूचना अधिकारी धीरेन्द्र यादव ने विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं बालिका शिक्षा पर विस्तार से प्रकाश डाला।जिला समन्वयक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का प्रथम चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलाया जाएगा, जिसमें शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करेंगे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने टीएलएम स्टॉल एवं विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा बच्चों और शिक्षकों से पठन-पाठन की स्थिति पर संवाद भी किया। इसके साथ ही अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नवप्रवेशी बच्चों को उपहार एवं पुस्तकें देकर सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में खंड शिक्षा अधिकारी दूबेपुर राम तीर्थ वर्मा, जिला समन्वयक योगेंद्र कुमार मिश्र एवं श्याम सुंदर यादव सहित अन्य शिक्षकों एवं अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।



कोई टिप्पणी नहीं