ब्रेकिंग न्यूज

गोरखपुर में जनता दर्शन: सीएम योगी ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 100 लोगों से सीधे संवाद किया।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास जाकर उन्होंने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और प्रार्थना पत्र स्वीकार किए। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण निष्पक्ष, पारदर्शी और संतुष्टिपरक तरीके से सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने आवास की समस्या रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उसे सरकार की आवास योजना के तहत जल्द ही मकान उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का एक संवेदनशील और स्नेहपूर्ण रूप भी देखने को मिला। कुछ महिलाओं के साथ आए बच्चों को उन्होंने चॉकलेट वितरित की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है 

कोई टिप्पणी नहीं