सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस पलटी, कई यात्री घायल
सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के 6 बजे एक लग्जरी बस अचानक पलट गई। यह लुधियाना से आजमगढ़ जा रही थी। बस में करीब 100 यात्री सवार थे। इस हादसे में करीब 57 यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस कंडक्टर चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
यह घटना धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास हुई।मंगलवार सुबह 6 बजे लग्जरी बस (UP 22 AT 7227) लुधियाना से आजमगढ़ जा रही थी। बस में सवार यात्री सानिया, लालबहादुर, ओमपाल और रामसुरत का कहना है कि बस को चालक नहीं बल्कि कंडक्टर चला रहा था। बस में करीब 100 से अधिक लोग सवार थे।यात्रियों ने बताया कि जब से कंडक्टर बस चला रहा था, तब से ही बस सही नहीं चल रही थी।
बस जैसे ही धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास पहुंची, बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। घायलों में अधिकांश को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मौके पर ही किया। वहीं 34 घायल यात्रियों को कूरेभार भेजा गया।
इनमें 12 ऐसे यात्री हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम बल्दीराय सीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है।
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि एक प्राइवेट बस, जो लुधियाना से आ रही थी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 108 किमी पर आज सुबह लगभग 06:00 बजे पलट गई। जिला प्रशासन द्वारा तुरंत सभी इमरजेंसी टीमों/एम्बुलेंस को अवगत कराते हुए मौके पर भेजा गया। घायलों को उपचार हेतु सीएचसी कुरेभार भेजा गया। एक 05 वर्षीय बच्ची जो गंभीर रूप से घायल है एवं 12 अन्य घायल व्यक्तियों को मेडिकल कॉलेज, सुलतानपुर भेजा गया है। अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने हेतु दूसरी बस की व्यवस्था की गई है, साथ ही उनके लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई है।



कोई टिप्पणी नहीं