1 जून से यूपी में फार्मर आईडी अनिवार्य, 31 मई तक बनवाने की अंतिम तारीख
लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के किसानों के लिए फार्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) को 1 जून से अनिवार्य करने की तैयारी में है। इसके तहत सभी किसानों को 31 मई तक अपनी आईडी बनवानी होगी। इस संबंध में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कृषि उत्पादन आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।प्रदेश में पिछले करीब दो वर्षों से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य चल रहा है। इस योजना के तहत किसानों की भूमि से जुड़ी पूरी जानकारी एक डिजिटल पोर्टल पर दर्ज की जा रही है, जिसके आधार पर प्रत्येक किसान की एक यूनिक आईडी तैयार की जा रही है। इस आईडी को पोर्टल पर डालते ही संबंधित किसान का पूरा विवरण तुरंत उपलब्ध हो जाएगा।हालांकि, कृषि विभाग के अधिकारियों की सुस्ती के चलते अब तक प्रदेश के लगभग दो करोड़ किसानों की ही आईडी बन पाई है, जबकि लक्ष्य इससे कहीं अधिक है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने अब प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं। गांव-गांव में शिविर लगाकर किसानों की आईडी बनाने का अभियान चलाया जा रहा है ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जा सके।सरकार ने स्पष्ट किया है कि 31 मई तक फार्मर आईडी बनाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। इसके बाद 1 जून से इसे अनिवार्य कर दिया जाएगा। फार्मर आईडी लागू होने के बाद किसानों को कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों की सभी योजनाओं का लाभ इसी आईडी के माध्यम से मिलेगा।इसके अलावा, खाद की खरीद से लेकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसलों की खरीद तक की पूरी प्रक्रिया फार्मर आईडी के जरिए ही की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे और आसानी से मिल सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं