UPSSSC ने सहायक बोरिंग तकनीशियन के 402 पदों पर भर्ती निकाली, आवेदन 15 अप्रैल से
लखनऊ उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक बोरिंग तकनीशियन के 402 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म में संशोधन की अंतिम तिथि 12 मई 2026 निर्धारित की गई है।आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार उम्मीदवार का हाई स्कूल (10वीं) या समकक्ष परीक्षा पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास सरकारी आईटीआई या गोरखपुर स्थित सरकारी तकनीकी केंद्र से नलकूप मैकेनिक का प्रमाण पत्र होना चाहिए। वैकल्पिक रूप से अभ्यर्थी ने आईटीआई से मशीनिस्ट, फिटर, वायरमैन या टर्नर ट्रेड में कम से कम दो वर्ष का कोर्स किया हो या फिर NCVT से संबंधित ट्रेड में तीन वर्ष का राष्ट्रीय शिक्षुता प्रमाण पत्र (NAC) होना चाहिए।इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अन्य आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उम्मीदवारों को पहले पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करना होगा, इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी तथा फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा।आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

कोई टिप्पणी नहीं