ब्रेकिंग न्यूज

CM योगी बोले - बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाओगे तो धरती पर जगह नहीं मिलेगी


लखनऊ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित रोजगार महाकुंभ 2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की बेटियों में आत्मविश्वास की कोई कमी नहीं है। उन्हें केवल समान अवसर और सुरक्षित वातावरण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज है और बेटियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि कोई शोहदा बेटियों से अभद्रता करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों के लिए इस धरती पर कोई जगह नहीं बचेगी।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कन्या सुमंगला योजना के तहत प्रदेश की लगभग 27 लाख बेटियां लाभान्वित हो रही हैं। बेटी के जन्म के साथ ही उसका पंजीकरण होने पर उसके खाते में आर्थिक सहायता भेजी जाती है।जिससे उसकी शिक्षा और भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि अब बेटियां किसी पर बोझ नहीं हैं, बल्कि परिवार और समाज की ताकत बन रही हैं।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को विकास के समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 1947 से 2017 तक यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या लगभग 10 हजार थी जो अब बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है। यह बदलाव महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को जरूर पढ़ाएं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि शिक्षित और सशक्त बेटियां ही प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।इस अवसर पर रोजगार महाकुंभ में बड़ी संख्या में युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए और कई महिलाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं व महिलाएं मौजूद रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं