गाजियाबाद में छह संदिग्ध गिरफ्तार, सुरक्षा बलों के ठिकानों की फोटो-वीडियो विदेश भेजने का आरोप
दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गाजियाबाद के कौशांबी थाना पुलिस ने छह संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग सुरक्षा बलों के ठिकानों की लोकेशन, फोटो और वीडियो बनाकर विदेश भेजते थे और इसके बदले उन्हें पैसे मिलते थे। मामले के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है।पुलिस के अनुसार आरोपी योजनाबद्ध तरीके से मोबाइल फोन के जरिए विदेशी लोगों से संपर्क में थे। वे चैट के माध्यम से बातचीत करते थे और उन्हें अलग-अलग जगहों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए जाते थे। इसके बाद आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मौजूद सुरक्षा बलों के ठिकानों और संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें व वीडियो बनाकर विदेश भेज देते थे।गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो है, जो बिजनौर जिले के नरवदी नवाड़ा गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इसी के जरिए अन्य लोग इस नेटवर्क से जुड़े थे।एडीसीपी राजकरन नैय्यर ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्हें अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बरामद मोबाइल फोन, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि अभी तक जांच में किसी आतंकी संगठन से सीधे जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विदेशी संपर्क और संवेदनशील सूचनाएं भेजे जाने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेश में यह जानकारी किसे भेजी जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल डेटा, बैंक लेन-देन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं