सुल्तानपुर युवक की घर के अंदर हत्या, पत्नी हिरासत में
सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के मदनपुर पनियार गांव में रविवार रात एक युवक का शव उसके घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
क्या है मामला?
मृतक की पहचान अमित सिंह (35) पुत्र हरिनाम सिंह के रूप में हुई है। अमित सिंह पेशे से ट्रक ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि उसका मित्र दीपक सिंह भी ट्रक ड्राइवर है और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि दीपक सिंह के अमित की पत्नी शिल्पी सिंह के साथ कथित संबंधों की चर्चा थी, जिससे पारिवारिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
परिजनों के अनुसार, रविवार को अमित और दीपक दोनों घर आए थे। बीती रात किसी बात को लेकर अमित और उसकी पत्नी शिल्पी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान धारदार हथियार से गले पर वार कर अमित की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, कोतवाल लंभुआ धीरज कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी पत्नी शिल्पी सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।वहीं, सह-आरोपी के रूप में नामजद दीपक सिंह की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जिले की पुलिस और एसओजी टीम उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।मृतक के भाई के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं