'करोड़पति' चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय के विभिन्न मदों से 98 ट्रांजेक्शन के जरिए 1.01 करोड़ रुपये की धनराशि का निजी खातों में लेनदेन करने के मामले में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी और उसकी पत्नी के खिलाफ सरकारी धन के गबन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिलाधिकारी के आदेश पर DIOS ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई।DIOS कार्यालय में वर्ष 2015 से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी ने विभागीय धनराशि अपने और पत्नी अर्शी खातून के खाते में ट्रांसफर किए जाने का मामला चार दिन पूर्व सामने आया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने DIOS से रिपोर्ट तलब की। इसके बाद शुक्रवार को इल्हाम शम्सी को निलंबित कर दिया गया था।FIR में कहा गया है कि जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज बीसलपुर में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी व उसकी पत्नी अर्शी खातून के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में 21 NEFT के जरिए 3 दिसंबर 2025 को 24.27 लाख रुपये भेजे गए। बैंक रिकॉर्ड खंगालने पर जून 2024 से अब तक कुल एक करोड़ एक लाख रुपये का लेनदेन पाए जाने की बात सामने आई। कोषागार रिपोर्ट में भी DOIS कार्यालय से संबंधित NEFT की पुष्टि हुई है। कोतवाल ने बताया कि इल्हाम शम्सी, अर्शी खातून को नामजद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।जिलाधिकारी के निर्देश पर न केवल FIR दर्ज की गई है। बल्कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जुड़े सभी आहरण-वितरण को भुगतान से संबंधित बिलों का गहन परीक्षण करने के आदेश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं