ब्रेकिंग न्यूज

गंजेहड़ी ग्राम सभा में 37वीं प्रदेश स्तरीय घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन


सुल्तानपुर जिले के विकासखंड कुड़वार अंतर्गत गंजेहड़ी ग्राम सभा में 37वीं प्रदेश स्तरीय घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन परंपरागत रूप से बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और खेल प्रतिभा को जीवंत बनाए रखने का सशक्त उदाहरण बनी।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि असरफ खां एवं विशिष्ट अतिथि सम्मन खां द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के पश्चात घुड़दौड़ प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कुशल घुड़सवारों ने भाग लिया।प्रतियोगिता में लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली एवं सुल्तानपुर से आए घुड़सवारों ने सरपट दौड़, चौटाला दौड़ एवं सिंधी दौड़ जैसी विभिन्न श्रेणियों में अपने घोड़ों की अद्भुत गति, संतुलन और कलाबाजी का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दूर-दराज़ से आए हजारों दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे

चौटाला दौड़ में प्रतापगढ़ के खलील ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लखनऊ के अनवर द्वितीय एवं प्रतापगढ़ के क्षत्रिय सिंह तृतीय स्थान पर रहे।सिंधी दौड़ में लखनऊ के अनवर ने प्रथम, सुल्तानपुर के पलहीपुर निवासी अबरार ने द्वितीय तथा अमेठी जनपद के जगदीशपुर क्षेत्र अंतर्गत मंगरौरा निवासी अजनान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।सरपट दौड़ में राजू ने प्रथम, पंकज यादव ने द्वितीय एवं बादशाह ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता घुड़सवारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजक मंडल के प्रधान हसीब खां, अफसर खां, मुक्कन खां, जुम्मन खां, इश्तियाक खां सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं