ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर ट्रक चोर घायल, सीएचसी में भर्ती


सुल्तानपुर जनपद में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।जिसमें दो अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिनांक 6/7 नवंबर 2025 की रात्रि में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र से एक डीसीएम ट्रक चोरी हुआ था। इस संबंध में तत्काल अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई थी।विवेचना के दौरान इस घटना में कुल पांच अभियुक्त प्रकाश में आए, जिनमें से दो को पूर्व में 16/17 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आज पुलिस को सूचना मिली कि शेष अभियुक्तों में से दो, सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से पाखरौली रेलवे क्रॉसिंग की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसओजी टीम और थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से घेराबंदी की गई।घेराबंदी के दौरान अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्तों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में इन्हीं में से चार अभियुक्तों द्वारा थाना गोसाईगंज, जनपद सुल्तानपुर क्षेत्र में 34 टन सरिया लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उस मामले में भी चार अभियुक्त प्रकाश में आए थे। वर्तमान प्रकरण में शामिल पांच अभियुक्तों में वे चार अभियुक्त भी शामिल हैं, जिनमें से एक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं