ब्रेकिंग न्यूज

पीएम मोदी बोले- अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा


लखनऊ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य प्रतिमाओं का भी अनावरण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भाजपा को अछूत माना गया। जबकि हमारी सरकार ने कांग्रेस नेता रहे और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न देकर सम्मानित किया। मुलायम सिंह यादव को सम्मानित किया। हमारे संस्कार किसी का अपमान करने के नहीं हैं। हमने सभी को सम्मान दिया है।उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल रही है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा। दशकों तक देश में गरीबी हटाने को ही सुशासन मान लिया गया था। देश में टेलीकॉम सेक्टर के विकास में अटल जी की नीतियां काम आई हैं। अटल जी की सरकार में ही गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने का काम शुरू हुआ था। इसके बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश के गांवों में 8 लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ। बीते 11 साल में 4 लाख किलोमीटर सड़कों का ग्रामीण क्षेत्रों का निर्माण हुआ।पूरे देश में एक्सप्रेसवे बनाने का काम चल रहा है। यूपी एक्सप्रेसवे बनाने में नाम कमा रहा है। अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत की। मेट्रो नेटवर्क ने लोगों की जिंदगी आसान बना रही है।प्रधानमंत्री  मोदी ने कहा आज आत्मनिर्भरता को हम नई बुलंदी दे रहे हैं। मेड इन इंडिया सामान दुनिया के कोने-कोने में पहुंच रहा है। यहां उत्तर प्रदेश में ही एक जनपद एक उत्पाद का बड़ा अभियान चल रहा है। छोटे उद्योगों और छोटी यूनिट्स की क्षमता बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश में एक बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बनाया जा रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल जिसकी ताकत दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखी थी। अब लखनऊ में बन रही है। वह दिन दूर नहीं जब उत्तर प्रदेश का डिफेंस कॉरिडोर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के लिए दुनिया भर में जाना जाएगा। दशकों पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का सपना देखा था। उनका मानना ​​था कि भारत की प्रगति का पैमाना अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के चेहरे की मुस्कान से मापी जाएगी... दीनदयाल जी के सपने को मोदी ने अपना संकल्प बनाया है।पीएम मोदी ने जनसंघ नेता दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया। आज देश के करोड़ों नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यही तो सच्चा सेकुलरिज्म है। देश के हर नागरिक को सम्मान मिल रहा है। बीते एक दशक में करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है।लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज लखनऊ को एक नया प्रेरणा स्थल प्राप्त हुआ है। यह हमारे लिए आत्मसम्मान, गौरव और सेवा का प्रतीक है। यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल हमें संदेश देता है कि हमारा हर कदम हर प्रयास राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित है। सबका प्रयास ही विकसित भारत का निर्माण करेगा। मैं लखनऊ, उत्तर प्रदेश और पूरे देश को राष्ट्र प्रेरणा स्थल की बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि देश में दो विधान दो संविधान नहीं चलेंगे। मुझे खुशी है कि भाजपा सरकार को जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का सौभाग्य मिला और डॉ. मुखर्जी का सपना साकार हुआ।रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की वजह से महंगाई दर कम हो रही है। इसी के साथ-साथ विकास दर आठ फीसदी हुई है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज मजबूत हुई है। अब भारत कुछ बोलता है तो पूरा विश्व ध्यान से सुनता है कि भारत कह क्या रहा है। पूरे विश्व में भारत की छवि बेहतर हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न देकर इस सरकार ने उन्हें सम्मानित किया है। यह शहर अपने देश की विभूतियों को उनका गौरव और सम्मान देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबकी प्रेरणा के रूप में ये राष्ट्र नायक हमारा सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी कहा था कि अंधेरा छटेगा कमल खिलेगा की बात कही थी। अब वही होते हुए देख रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं