ब्रेकिंग न्यूज

पिता ने की चार बच्चों की हत्या, खुद फांसी पर लटककर किया सुसाइड


शाहजहांपुर जिले में पिता ने चार बच्चों की सोते वक्त हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी पर लटककर सुसाइड कर लिया। वारदात के वक्त पत्नी मायके गई थी। बच्चों की इतनी बेरहमी से हत्या की गई थी कि शव देखकर पुलिसवाले भी सहम गए।पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था।तीन बच्चियों और एक बेटे का शव चारपाई पर पड़ा था। सभी की गर्दन कटी हुई थी। पास में ही चापड़ रखा था। उसी कमरे में फंदे पर पिता का शव लटका हुआ था।

घटना रोजा थाना क्षेत्र के मानपुर चकरी गोटिया गांव की है।एसपी सिटी ने बताया- पिता का नाम राजीव कुमार है। पिता ने बेटी स्मृति (12), कीर्ति (9) और प्रगति (7) और बेटे रिषभ (11) की सोते वक्त हत्या की है। फिर खुद सुसाइड कर लिया। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की है।वारदात के वक्त घर में पिता और चार बच्चे ही थे। राजीव के पिता पृथ्वीराज ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर थोड़ी दूर खेत में सोता था। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे घर पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाई।लेकिन गेट नहीं खुला।इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया। दीवार फांदकर अंदर गया तो कमरे में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। चारों बच्चों की खून से लथपथ लाश चारपाई पर पड़ी हुई थी। जबकि राजीव फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि बहू एक दिन पहले ही मायके गई थी।पिता पृथ्वीराज ने बताया कि एक साल पहले राजीव का एक्सीडेंट हो गया था। इसमें सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। बीच-बीच में दौरे आते थे। वह अपना आपा खो देता था। लेकिन ऐसी खौफनाक घटना कर देगा, इसका अंदाजा बिल्कुल नहीं था।पड़ोसियों ने बताया कि राजीव की 14 साल पहले क्रांति से शादी हुई थी। पहले वह मजदूरी करता था। एक्सीडेंट के बाद मानसिक स्थिति खराब होने के कारण बीते एक साल से बेरोजगार था। घर पर ही रहता था। पिता पृथ्वीराज के पास 4 बीघा पट्‌टे की जमीन है। इसी से घर का गुजारा चलता था। आर्थिक तंगी के कारण आए दिन पत्नी से विवाद होता था। बुधवार को भी झगड़ा करके पत्नी अपने मायके चली गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं