सुल्तानपुर में महिला थाने के सामने घर में अकेली महिला को मारी गोली
सुल्तानपुर जिले में अपराधी बेखौफ़ हो गए हैं। देर शाम महिला थाने के सामने एक मकान में अकेली महिला को बदमाशो ने गोली मार दी और फरार हो गए। मोहल्ले वासी घायल महिला को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। महिला के गले में गोली लगी है। फिलहाल वो खतरे के बाहर है। पुलिस अधीक्षक ने हॉस्पिटल पहुंचकर महिला का हाल जाना है।
घटना कोतवाली नगर के करौंदिया मोहल्ले की है।घायल महिला रजिया बेगम पत्नी शमीम बेग मूल रूप से बल्दीराय थानाक्षेत्र के वल्लीपुर गांव की रहने वाली है। वो शहर स्थित करौंदिया मोहल्ले में एक घर पर किराए पर बेटे के साथ रहती है। घायल महिला के पुत्र फहीम मिर्जा ने बताया कि वो दुकान पर था। उसे सूचना मिली कि किसी ने मां को गोली मार दी है। हम भागकर घर पहुंचे और मोहल्ले वालों के साथ मिलकर मां को लेकर अस्पताल पहुंचे। गोली मां के गले में लगी है।हॉस्पिटल में डॉक्टर ने महिला का प्रथम उपचार करके उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने अस्पताल पहुंचकर महिला का हाल जाना। उन्होंने मीडिया को बताया कि महिला की हालत स्थिर है। उसको बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में परिवारिक विवाद सामने आ रहा है, हमारी टीम की इन्वेस्टीगेशन जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।नगर कोतवाल नारद मुनि सिंह ने बताया कि घायल महिला का पति से लगभग 5 साल से विवाद चल रहा है। घरेलू हिंसा का मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। तहरीर मिलने मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं