ब्रेकिंग न्यूज

कड़ाके की ठंड पर आस्था भारी पड़ गई,यहां प्राण प्रतिष्ठा के लिए शोभा यात्रा निकाली गई,जिसमें हजारों राम भक्त सम्मिलित हुए


सुल्तानपुर में मंगलवार को कड़ाके की ठंड पर आस्था भारी पड़ गई। यहां प्राण प्रतिष्ठा के लिए शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों राम भक्त सम्मिलित हुए। 22 जनवरी को 500 वर्षों के संघर्ष व लाखों लोगों के प्राणों की आहुति के उपरांत हिंदुओं के आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है।

इससे उत्साहित होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विचार परिवार,कुशभवनपुर के संयोजन में मंगलवार दोपहर भव्य शोभायात्रा तिकोनिया पॉर्क से निकाली गई। इस मौके पर हजारों राम भक्त शोभायात्रा में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर कई संगठनों जैसे गायत्री परिवार, गोमती मित्र मंडल, व्यापारी संगठन, शिक्षक संगठन, आदि के कार्यकर्त्ता सम्मिलित हुए। मुख्य यात्रा तिकोनिया पार्क से प्रारंभ होकर शाहगंज चौराहा, दरियापुर तिराहा, पंचरास्ता,सब्जी मंडी, जिला अस्पताल से गन्दानाला होते हुए डाकखाना चौराहा पहुंची। वहां से नगर पालिका होते हुए तिकोनिया पार्क में शोभा यात्रा का समापन हुआ।

शोभा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के स्कूली बच्चे सड़क पर उतरे और जय श्री राम के नारे लगाते दिखाई दिए।छात्र-छात्राएं राम सीता और लक्ष्मण की भूमिका में दिखे। ये झांकी शहर के प्रमुख मार्गों पर देखी गई। इस कार्यक्रम में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल समेत भाजपा नेताओं की कार्यक्रम में मौजूदगी रही। आपको बता दें कि नगर कोतवाली पुलिस लगभग हर प्रमुख चौराहों पर तैनात रही। डीएम एसपी के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं