ब्रेकिंग न्यूज

एक अक्टूबर से की जाएगी धान की खरीद


लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत किसानों को उनकी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धान खरीद किये जाने का निर्णय लिया है। इस उद्देश्य से किसानों से धान खरीद किए जाने की प्रक्रिया एक अक्टूबर, 2023 से शुरू होगी। इस सम्बन्ध में धान क्रय नीति जारी कर दी गयी है, जिसके अनुसार इस बार विभिन्न श्रेणी के धान के समर्थन मूल्य के तहत कॉमन धान श्रेणी 2183 रुपये प्रति कुन्तल तथा ग्रेड-ए के धान का मूल्य 2203 रुपये प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया हैै।  यह जानकारी प्रदेश के प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद  आलोक कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि छोटे व मध्यम किसानों को धान खरीद में प्राथमिकता प्रदान की जायेगी। ऐसे किसान जिनकी उपज 60 कुन्तल या उससे कम है, तो उनका धान प्राथमिकता पर खरीदा जायेगा, जिससे छोटे किसान डिस्ट्रेस सेल के शिकार न हों। उन्होंने बताया कि खाद्य आयुक्त स्वयं के स्तर से इस व्यवस्था को क्रियान्वित करने की कार्यवाही करेंगे।    प्रमुख सचिव ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लखनऊ सम्भाग के जनपद हरदोई, लखीमपुर, सीतापुर तथा सम्भाग बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ तथा झांसी में धान क्रय की अवधि एक अक्टूबर से 31 जनवरी, 2024 तक तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश लखनऊ सम्भाग के जनपद लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव व सम्भाग चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, देवीपाटन, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर एवं प्रयागराज सम्भागों में 1 नवम्बर, 2023 से 29 फरवरी, 2024 तक धान की खरीद की जाएगी।  प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष धान खरीद हेतु 70.00 लाख मी0टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 4000 क्रय केन्द्र संचालित किये जायेंगे। जिसमें खाद्य विभाग के 1350 क्रय केन्द्र, पी0सी0एफ0 के 1600, पी0सी0यू0 के 550, यू0पी0एस0एस0 के 200, मण्डी परिषद के 100 तथा भारतीय खाद्य निगम के 200 क्रय केन्द्र शामिल हैं।  प्रमुख सचिव ने बताया कि किसानों की सुविधा के दृष्टिगत स्थायी धान क्रय केन्द्र/स्थल बनाये जाने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इसके लिए यह प्रयास किया जायेगा कि खाद्य  विभाग, पी0सी0एफ0 व भारतीय खाद्य निगम के केन्द्र एक निश्चित स्थान पर ही खोले जायें। क्रय केन्द्रों, राइस मिलों व भारतीय खाद्य निगम के भण्डारण डिपो की रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन सेन्टर के माध्यम से जियो टैगिंग की जायेगी। जनपदों में स्थापित सभी एजेन्सियों के क्रय केन्द्रों का नाम व पता, केन्द्र की लोकेशन, केन्द्र प्रभारी, उपजिलाधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी का नाम व मोबाइल नम्बर इत्यादि विवरण जिले की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जायेगा तथा इसकी सूचना एस0एम0एस0 के माध्यम से किसानों को पंजीकरण के समय ही उपलब्ध करायी जायेगी।  धान खरीद से सम्बन्धित शिकायतें/सुझाव का पंजीकरण टोल फ्री नं0-1800-1800-150 पर दर्ज करायी जा सकेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं