ब्रेकिंग न्यूज

हाड़ कंपाने वाली ठंड ने दे दी दस्तक

 


लखनऊ देश के कई राज्यों में आज से सर्दी की रफ्तार तेज हो गई है। खासकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी यूपी और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान गिरकर 5 से 9 डिग्री तक पहुंच गया है।  विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के साथ कोहरे और शीतलहर ने भी कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सर्दी के जिस कोहरे को देखने के लिए लखनऊ के लोग लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे वो सोमवार को देखने को मिला। लखनऊ के कई इलाकों में घना कोहरा नजर आया। आलम यह था कि सुबह 8:00 बजे तक कुछ इलाकों को साफ देख पाना भी बेहद मुश्किल था। जैसा कि मौसम विभाग ने पहले ही कहा था कि क्रिसमस से पहले लखनऊ पर कोहरे की चादर चढ़ जाएगी ठीक वैसा ही हुआ।लखनऊ में अगले 72 घंटे के अंदर तेजी से तापमान में गिरावट आएगी। इन दिनों चल रही ठंडी हवाओं की वजह से सुबह और शाम के तापमान में तेजी से गिरावट देखी गई है। पारा अभी और नीचे सकता है।मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने या इससे नीचे जाने का अनुमान है। यानी लखनऊ में अब ठंड अपना असर दिखाने लगी है. सुबह के वक्त हल्का कोहरा बढ़ती हुई ठंड का एहसास करा रहा है।वहीं बात करें लखनऊ से सटे हुए कानपुर शहर की तो यह सबसे ठंडा रहने वाला है। यहां पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं मेरठ दूसरा सबसे ठंडा शहर होगा वहां पर न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। बात करें गोरखपुर की तो यहां के लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है।यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।  उधर वाराणसी में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है।हालांकि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक  ने पहले ही यह साफ कर दिया है कि इस बार ईस्ट उत्तर प्रदेश में सर्दी सामान्य रहने वाली है। जबकि वेस्टर्न उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर सामान्य से अधिक रहने वाला है।यानी पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को इस बार सर्दी उतना नहीं सताएगी जितना कि पिछले सालों में सताती आई है। हालांकि इन सबके बावजूद चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी बढ़ते ही अपनी सेहत का लोग ध्यान जरूर रखें।

कोई टिप्पणी नहीं