ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में एंट्री लेते ही कमजोर हुआ मानसून

 


लखनऊ मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही कमजोर पड़़ गया है। इससे लगभग एक सप्ताह तक मानसूनी बारिश की संभावना कम हो गयी है। मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता का कहना है कि पहले चरण का मानसून पश्चिम बंगाल से सक्रिय होकर गुजरात‚ झारखंड़ और बिहार होते हुए दक्षिण–पूर्वी यूपी में प्रवेश किया था लेकिन चुर्क में ही यह मानसून कमजोर होने के कारण थम गया है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से दूसरी बार मानसून सक्रिय होगा। इसके बाद ही राजधानी में बरसात होने की संभावना है।जेपी गुप्ता ने बताया कि, इस बार 18 जून से मानसून सक्रिय होने का अनुमान जारी किया गया था। लेकिन 18 जून बीतने के बाद भी आंचलिक मौसम केन्द्र कह रहा है कि राजधानी में हाल–फिलहाल मानसून आने की संभावना नहीं है। अनुमान के आधार पर कहा जा सकता है कि जून के अंतिम दिनों में ही मानसूनी बारिश की संभावना है। तब तक गर्मी का यह प्रकोप झेलना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक बहुत तेज गर्मी तो नहीं होगी।मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिन में हल्के बादलों और हवा के कारण तापमान 37 से 3 डिग्री तक रहेगा। मौसम के बारे में मौसम विभाग का अनुमान बार–बार फेल हो रहा है। एक सप्ताह पहले मौसम विभाग ने अनुमान जारी किया था कि 16 से 19 जून तक लखनऊ में प्री मानसूनी बारिश होगी। चार दिन से लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हुई। बारिश होना तो दूर इसके लक्षण भी नहीं दिखे। उम्मीदों के विपरीत दिन में तेज धूप निकल रही है। हल्की बदली के कारण उमस वाली गर्मी बरकरार है। सोमवार को हवा और हल्की बदली के कारण राजधानी के लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली है। दिन का तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तो रात का तापमान 27.2 डिग्री रिकार्ड़ गया है।

कोई टिप्पणी नहीं