जर्जर मकान को तोड़ने के दौरान अचानक हुआ बड़ा हादसा
लखनऊ प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया।यहां पर एक जर्जर मकान की दीवार गिरने के चलते दो मजदूरों की कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रामगंज बाजार में एक जर्जर मकान की दीवार को गिराने के लिए कुछ मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई और इसके नीचे तीन मजदूर दब गए। इनमें से दौ की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर तौर पर घायल हो गया। घायल मजदूर को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के साथ ही भारी पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटा कर मजदूरों के शवों को निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार स्थानीय किराना व्यवसायी अपने जर्जर मकान को तोड़ने के लिए तीन मजदूरों को लेकर आया था। घर तोड़ने का काम सुबह से ही जारी था और दोपहर करीब 12 बजे घर की एक दीवार अचानक मजदूरों पर आ गिरी।हादसे के बाद दो मजदूरों की मौत के साथ ही उनके परिवार में कोहराम मच गया और परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। बाद में पुलिस ने समझाश कर उन्हें शांत किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आज दिनांक 31.03.2022 को थाना क्षेत्र आसपुर देवसरा के रामगंज बाजार में मकान में काम करते समय जर्जर दीवार गिरने से दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं