इश्क में धोखे पर इंजीनियर युवती ने दी जान
लखनऊ इंजीनियर युवती ने दोस्त के घर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बहन ने आरोपित दोस्त दीपक के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि युवक परेशान करता था। हालांकि पुलिस खुदकुशी की वजह इश्क में धोखा बता रही है। इंस्पेक्टर ताजगंज ने बताया कि मेट्रो में तैनात क्वालिटी इंजीनियर युवती ने खुदकुशी की थी। युवती आगरा की ही निवासी थी। उसकी दोस्ती मेट्रो में ही तैनात सहकर्मी दीपक से थी। दीपक मूलत: गोपालगंज बिहार का निवासी है। दस माह पहले उसकी पहचान युवती से हुई थी। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। दीपक शातिर है। उसने युवती को अपने जाल में फंसाया। उससे शादी का वादा किया। छह दिसंबर को दीपक की बिहार में शादी तय हो गई। यह जानकारी युवती को हो गई थी। सात दिसंबर को युवती ने दीपक को फोन किया। उससे मिलने को कहा। वह उसके घर आई। रात को दोनों ने खाना खाया। दीपक ने शराब भी पी। सुबह दीपक नौकरी पर चला गया। युवती उसी के कमरे पर रुकी रही। उसे फोन किया। बताया कि उसकी तबियत ठीक नहीं है। वह चाय के लिए दूध भिजवा दे। दीपक ने घर के सामने दुकानदार को फोन किया। वह दूध देने घर पहुंचा। युवती दरवाजे तक चलकर नहीं आ पाई। रास्ते में ही गिर पड़ी। दुकानदार ने यह जानकारी दीपक को दी। वह घर आया युवती को शमसाबाद मार्ग स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पुलिस को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के परिजनों को सूचित किया गया। वे हॉस्पिटल आ गए। दीपक को आरोपित करने लगे। कहने लगे कि उसने ही बेटी को कुछ दिया है। इलाज के लिए युवती को दूसरे नर्सिंग होम में रेफर किया गया। दस दिसंबर को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवती की बहन की तहरीर पर पुलिस ने दीपक के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा के तहत मुकदमा लिखा। उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने दीपक को जेल भेज दिया।इंस्पेक्टर ने बताया कि दीपक के घर फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन की गई थी। मौके पर एक डिब्बी मिली। जिसमें सल्फास की दो गोलियां मिलीं। शेष गोलियां गायब थीं। आशंका यही है कि युवती ने खुदकुशी के लिए सल्फास का सेवन किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह अस्पष्ट आई है। विसरा सुरक्षित रखा गया है। जहर से मौत के मामले में जहर का पता विसरा जांच में ही चलता है। विसरा की जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला में होगी।युवती की बहन ने जो तहरीर दी उसमें यह आरोप लगाया है कि दीपक उनकी बहन को परेशान किया करता था। इस कारण उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार दीपक ने यह बात युवती से छिपाई थी कि घरवाले उसके लिए लड़की देख रहे हैं। वह वहीं शादी करेगा जहां घरवाले कहेंगे। दस माह तक वह युवती को गुमराह करता रहा। प्यार का नाटक करता रहा। जब उसकी शादी तय होने वाली थी तो उसका व्यवहार बदल गया। वह युवती से अभद्रता करने लगे। ताकि वह उससे दूरी बना लें।
कोई टिप्पणी नहीं