ब्रेकिंग न्यूज

भाजपा किसान चौपाल आज से


लखनऊ विजय दशमी के दिन भारत में किसान अपने-अपने घरों में खेती की औजारों की पूजा करते है और अपने सुखी एवं समृद्धिशाली जीवन की कामना करते है। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा भी उत्तर प्रदेश किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए 58 हजार 195 ग्राम पंचायतों में ग्राम किसान चौपाल का आज से आगाज करने जा रही है है।भाजपा आज यानी विजय दशमी के दिन विजय शंखनाद करेगी। ग्राम किसान चौपाल अभियान के जरिए पार्टी 15 अक्टूबर विजया दशमी से लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर तक प्रदेश की प्रत्येक ग्राम सभा में जन संवाद करेगी।उत्तर-प्रदेश के लखीमपुर की घटना और लंबे समय से चल रहे किसान आंदोलन के राजनीतिक प्रभाव का आकलन और उसे खत्म करने के लिए भाजपा ने यह रणनीति बनाई है। भाजपा भले ही इसे किसानों की खुशहाली और समृद्धि से जोड़ रही हो लेकिन इस चौपाल के पीछे की कहानी किसानों की नाराजगी और असंतोष को कम करना भी है। दरअसल, उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा किसान आंदोलन की वजह से जरा सा भी जोखिम नहीं लेना चाहती है। लिहाजा, इसे उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन और लखीमपुर घटना के लिए काउंटर की नीति माना जा रहा है इन चौपालों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहेगें।बड़ी चौपाल की जगह खाट और चबूतरों पर छोटी चौपाल को तरजीह दी जाएगी। इसकी वजह है कि पार्टी किसानों से सीधा संवाद करना चाहती है। उत्तर प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने किसान मोर्चा को यह सुझाव दिया है कि वह किसानों के छोटे-छोटे समूहों तक पहुंचे और सरकार तक उनकी बात पहुंचाए।इस दौरान किसानों की सभी मांगों और समस्याओं को इकट्ठा कर एक दस्तावेज तैयार किया जाएगा। इस दस्तावेज को ग्रामीण किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपेगा।

कोई टिप्पणी नहीं