प्यार का खौफनाक अंत , पत्नी की हत्या कर लगा ली फांसी
कुशीनगर जिले में एक पति ने धारदार हथियार से अपनी ही पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद पति ने इस वारदात को अंजाम दिया। 3 महीने पहले ही उन्होंने लव मैरिज की थी।घटना तरयासुजान थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला की है। जहां रविवार रात एक नवदंपति के शव मिलने से सनसनी फैल गई।पत्नी का शव फर्श पर लहूलुहान पड़ा था और उसके गले पर धारदार हथियार से गहरे घाव थे। जबकि पति का शव बेड पर मिला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के मुताबिक बढ़ई टोला के 22 वर्षीय अरुण शर्मा का विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दलित युवती नेहा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नवंबर 2025 में दोनों ने घरवालों के खिलाफ जाकर मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद अरुण के परिजन मान गए और वह पत्नी के साथ घर में रहने लगा।गांव के लोगों के अनुसार रात करीब 9 बजे अरुण और नेहा में किसी बात पर विवाद हो गया।घर के लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत किया।पति से नाराज नेहा कमरे में चली गई। पीछे से अरुण भी कमरे में गया।जिसके बाद उसने हंसिया से नेहा के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी।इसके बाद खुद भी छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटक गया। खून से लथपथ नेहा व फंदे से लटके अरुण के शव को देख परिजनों के होश उड़ गए।जिसके बाद घर में चीखपुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही तरयासुजान के प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए ASP और CO भी घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 18 जनवरी की रात को पुलिस को सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया ये मामला आपसी विवाद का लग रहा है. पति अरुण ने पहले पत्नी की गला रेतकर हत्या की और फिर ख़ुद भी फांसी के फंदे से लटक गया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की हर एंगल से जाँच की जा रही है। जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।मौके पर शांति व्यवस्था क़ायम है।

कोई टिप्पणी नहीं