ब्रेकिंग न्यूज

ललितपुर में किसानों के परिवार से मिलीं प्रियंका गांधी


लखनऊ ट्रेन से आज शुक्रवार की सुबह ललितपुर पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चार पीड़ि‍त किसान परिवारों से मुलाकात की है। कहा जा रहा है कि पिछले दिनों खाद के लिए लाइन में खड़े रहने के दौरान किसान की मौत हो गई थी। प्रियंका ने परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं। इसके पहले प्रियंका ने आरोप लगाया कि यह पूरा क्षेत्र इस समय खाद के संकट से जूझ रहा है। उन्‍होंने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान मेहनत कर फसल तैयार करे तो फसल का दाम नहीं, किसान फसल उगाने की तैयारी करें, तो खाद नहीं। लेकिन किसान विरोधी भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। प्रियंका, ललितपुर के पाली कस्बे के किसान बल्लू पाल के घर भी गईं। बल्लू ने 26 अक्टूबर को फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली थी। परिजनों का कहना है कि खाद की कमी से फसल खराब हो रही थी। इससे आहत होकर उसने जान दी थी। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वो प्रदेश में खाद-बीज-पानी और किसानों को मिलने वाली अन्‍य सुविधाओं को मुद्दा बनाएगी।

इसके पहले प्रियंका गांधी ने गुरुवार की रात लखनऊ के चारबाग स्‍टेशन से ललितपुर के लिए साबरमती एक्‍सप्रेस पकड़ने से पहले कुलियों से मुलाकात कर उनकी समस्‍याएं जानीं। शुक्रवार सुबह ललितपुर पहुंचने पर प्रियंका गांधी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्‍वागत किया। प्रियंका के समर्थन में स्‍टेशन पर जमकर नारे लगाए। ललितपुर स्‍टेशन से प्रियंका सीधे सर्किट हाउस पहुंची। थोड़ी देर आराम करने के बाद वह किसान परिवारों से मिलने के लिए रवाना हुईं। 

कोई टिप्पणी नहीं