ब्रेकिंग न्यूज

बीजापुर में 24 जवान शहीद; घटनास्थल पर 20 के शव


नई दिल्ली। बस्तर के बीजापुर में शनिवार को नक्सलियों ने 700 जवानों को घेरकर हमला किया। इस हमले में 24 जवान शहीद हो गए। इनमें कोबरा बटालियन के 9, डीआरजी के 8, स्पेशल टास्क फोर्स के 6 और एक बस्तरिया बटालियन का जवान शामिल है। इस बीच, ग्राउंड जीरो का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 20 जवानों के शव घटनास्थल पर ही दिखाई दे रहे हैं।हालांकि, बाद में रेस्क्यू टीम पहुंची। इस टीम पर भी नक्सलियों ने हमला कर दिया। उन्होंने IED ब्लास्ट भी किया। इस हमले में एक जवान घायल भी हुआ है। 20 जवानों के शव लोकेट कर लिए गए हैं। उनको रिकवर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और एयरफोर्स की मदद मांगी गई है।करीब 700 जवानों को नक्सलियों ने बीजापुर के तर्रेम इलाके में जोनागुड़ा पहाड़ियों के पास घेर लिया था। तीन घंटे चली मुठभेड़ में 9 नक्सली भी मारे गए हैं। करीब 30 जवान घायल हुए हैं। मुठभेड़ के बाद से 21 जवान लापता सुरक्षा बलों को जोनागुड़ा की पहाड़ियों पर नक्सलियों के डेरा जमाने की सूचना मिली थी। शुक्रवार रात को ही सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो सीआरपीएफ बस्तरिया बटालियन और स्पेशल टास्क फोर्स के दो हजार जवानों ने ऑपरेशन शुरू किया था, लेकिन शनिवार को नक्सलियों ने 700 जवानों को घेरकर हमला बोल दिया।नक्सलियों ने एक बड़े एंबुश में जवानों को फंसा लिया और तीन ओर से फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ दोपहर करीब 12.30 बजे शुरू हुई और शाम करीब 5.30 बजे यानी 5 घंटे तक चली। इस दौरान नक्सलियों ने UGNL, रॉकेट लांन्चर, इंसास और AK-47 से हमला किया।पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदरराज ने बताया कि मौके पर 180 नक्सलियों के अलावा कोंटा एरिया कमेटी, पामेड़ एरिया कमेटी, जगरगुंडा एरिया कमेटी और बासागुड़ा एरिया कमेटी के लगभग 250 नक्सली भी थे। सूचना मिली है कि नक्सली दो ट्रैक्टरों में शवों को ले गए हैं।इस बीच सीआरपीएफ के डायरेक्टर जनरल कुलदीप सिंह छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। इस दौरान वे हालात का जायजा लेंगे। बीजापुर में हुए ऑपरेशन के बाद गृह मंत्रालय ने उन्हें लोकेशन पर जाने के निर्देश दिए थे। गृह मंत्री अमित शाह डीजे को बीजापुर भेजने के साथ ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से भी संपर्क में हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के शहीद होने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा। मेरी संवेदनाएं छत्तीसगढ़ में शहीद हुए जवानों के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कोई टिप्पणी नहीं