ब्रेकिंग न्यूज

24 घंटे में 1 लाख से ज्यादा मरीज मिले

 


 नई दिल्ली रविवार को 1 लाख 3 हजार 794 नए संक्रमित मिले। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 16 सितंबर को 97,860 नए मरीज मिले थे। बीते 24 घंटे में 52,840 मरीज ठीक हुए और 477 की मौत हो गई। एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी रिकॉर्ड 50,438 की बढ़ोतरी हुई है। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां पिछले 24 घंटे में 1 लाख से ज्यादा केस मिले हैं।यूं तो पूरे देश में यह महामारी भयावह हो चुकी है, लेकिन महाराष्ट्र में बिल्कुल बेकाबू है। यहां नए संक्रमितों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड को छू रहा है। रविवार को राज्य में 57,074 केस आए। इसकी तुलना भारत को छोड़कर दूसरे देशों में रविवार को मिले नए संक्रमितों से करें तो सिर्फ फ्रांस (60,922) ही आगे रहा।देश में अब तक करीब 1.26 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1.17 करोड़ ठीक हुए हैं और 1.65 लाख ने जान गंवाई है। 7.37 लाख एक्टिव केस हैं, यानी इनका इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।उत्तर प्रदेश में अचानक कोरोना के केस बढ़ने के बाद एक्टिव हुई सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की है। इसके तहत एक मामला मिलने पर 25 मीटर का इलाका कंटेनमेंट जोन बना दिया जाएगा। अगर एक से ज्यादा मामले मिलते हैं तो 50 मीटर दायरे को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा।मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट के लिए अलग नियम होंगे। एक मरीज मिलने पर अपार्टमेंट की उस मंजिल को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। एक से ज्यादा मरीज मिलने पर संबंधित ब्‍लॉक सील होगा। 14 दिनों तक एक भी मरीज न मिलने पर ही कंटेनमेंट जोन खत्म होगा।कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के कारण राजस्थान सरकार ने प्रदेश में आने और बाहर जाने वालों के लिए RT-PCR टेस्ट जरूरी कर दिया गया है। सरकार ने कहा है कि कलेक्टर नाइट कर्फ्यू लगा सकते हैं, लेकिन रात 8 बजे से पहले और सुबह 6 बजे के बाद नाइट कर्फ्यू के लिए सरकार से इजाजत लेनी होगी।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। उन्होंने कहा कि मैं मुफ्त टीका उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्रालय को धन्यवाद देता हूं। मैं देश के वैज्ञानिकों को भी धन्यवाद देता हूं। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। अपनी बारी आने पर हम सभी को इसे लगवाना चाहिए। महाराष्ट्र में रविवार को 57,074 नए मरीज मिले। 27,508 मरीज ठीक हुए और 222 की मौत हो गई।  अब तक 30.10 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 25 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए हैं, जबकि 55,878 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 4.01 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं