बैग में मिला पांच माह का नवजात, साथ में रखा था 5 हजार रुपए और लेटर, हर महीने पालन-पोषण के लिए पैसे देने की लिखी है़ बात
उत्तर प्रदेश के अमेठी में कोतवाली मुंशीगंज क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव के आनन्द ओझा के आवास पर बैग में एक नवजात पाया गया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को बैग मे से पांच हजार रूपए और एक लेटर मिला है़। लेटर में लिखा है़ कि बच्चे को 5-7 महीने अपने पास रखिये। मैं हर महीने आपको 5 हजार रूपए दूंगा।पुलिस के अनुसार पीआरवी टीम को सूचना मिली कि एक बैग में सामान सहित कोई बच्चा छोड़ गया है। सूचना कॉलर ने यूपी 112 को दी जिस पर पीआरवी 2780 मौके पर पहुंची। किसी अज्ञात युवक ने जो सूबेदार का पुरवा की ओर से आकर के त्रिलोकपुर में एक नवजात शिशु को झोले में रखकर कर चला गया।
पुलिस ने लोगो के समक्ष बैग खोला, बैग में बच्चे के लिये ठंडी-गर्मी के कपड़े, जूता, जैकेट, साबुन, विक्स, दवा, 5 हजार रूपए और लेटर आदि दैनिक जरूरी सामान रखा हुआ था। भावनात्मक लेटर में पिता ने बच्चे को पालन पोषण करने की अपील की है। उसके पालन पोषण के एवज में पांच हजार माहवारी देने की बात की गई है। पिता ने खत में लिखा है यह मेरा बेटा है, इसे मैं आपके पास छह-सात महीने के लिए छोड़ रहा हूं, हमने आपके बारे में बहुत अच्छा सुना है। इसलिए मैं अपना बच्चा आपके पास रख रहा हूं। 5000 महीने के हिसाब से मैं आपको पैसा दूंगा। आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि कृपया इस बच्चे को संभाल लो मेरी कुछ मजबूरी है। इस बच्चे की मां नहीं है। और मेरी फैमिली में इसके लिए खतरा है, इसलिए छह-सात महीने तक आप अपने पास रख लीजिए सब कुछ सही करके मैं आपसे मिलकर अपने बच्चों के लिए जाऊंगा। कोई बच्चा आपके पास छोड़ कर गया यह किसी को मत बताना नहीं तो यह बात सबको पता चल जाएगी। जो मेरे लिए सही नहीं होगा सबको यह बता दीजिएगा। यह बच्चा आपके किसी दोस्त का है जिसकी बीवी हॉस्पिटल में है कोमा में। तब तक आप अपने पास रखिए, मैं आपसे मिलकर भी दे सकता था। लेकिन यह बात मेरे लिए यह बात मेरे तक रहे तभी सही है। क्योंकि मेरा एक ही बच्चा है आपको और पैसा चाहियेगा तो बता दीजिएगा। मैं और दे दूंगा बस बच्चे को रख लीजिए। इसकी जिम्मेदारी लेने को डरियेगा नहीं। भगवान ना करें अगर कुछ होता है तो फिर मैं आपको ब्लेम नहीं करूंगा। मुझे आप पर पूरा भरोसा है बच्चा पंडित के घर का है।

कोई टिप्पणी नहीं