13 नवंबर को एक लाख दीपों से गोमती तट रौशन होगा
लखनऊ। भगवान राम की नगरी अयोध्या में दीपावली पर्व पर 5.51 लाख दिये जलाकर रिकॉर्ड बनेगा। इसकी तैयारी जोरों पर है। मगर प्रभु राम के प्रिय भाई लक्ष्मण द्वारा बसाए गए शहर लखनऊ में भी दीपोत्सव की खास तैयारी चल रही हैं। यहां छोटी दिवाली यानी 13 नवंबर को एक लाख दीपों से गोमती तट रौशन होगा। यह दिये गाय के गोबर से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा बनाए गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास व पंचायती राज मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में उन्हें कई तरह के नए-नए काम सौंपे जा रहे हैं। वह घर बैठे अपने हुनर के बल पर अच्छी कमाई कर रहीं हैं। दीपावली के दीपक बनाने के साथ ही वह मूर्तियां भी तैयार कर रहीं हैं। यह मूर्तियां और दीपक मिट्टी, राख व गोबर को मिश्रित कर बनायी जा रहीं हैं, जो कि पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ ही खाद के रूप में भी इस्तेमाल करने के योग्य हैं। इस काम में प्रदेश के करीब 750 स्वयं सहायता समूह लगे हैं। इस पहल से 5000 से अधिक महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर पैदा किए गए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” सूत्र वाक्य को भी चरितार्थ करता है और आत्मनिर्भर भारत की सोच को भी मजबूती देने वाला है।

कोई टिप्पणी नहीं