पिता-पुत्र पर बरसाई गोलियां रास्ते के विवाद में
जौनपुर। जौनपुर में रास्ते के विवाद में पिता-पुत्र पर उनके पड़ोसियों ने गोलियां बरसा दीं। हमले में बेटे की मौत हो गई। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शाहगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के भरौली गांव का मामला है। पूरी वारदात का वीडियो भी आसपास मौजूद लोगों ने बनाया है। इस वीडियो में हाथ में पिस्टल लिए एक लड़के से तीन-चार लोग छीना-छपटी करते दिख रहे हैं। इसी दौरान लड़का गोली चला देता है जो उसे रोकने का प्रयास कर रहे एक अन्य लड़के को लगती है। वह वहीं गिर जाता है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव के निवासी इश्तियाक का अपने पड़ोसी से रास्ते को लेकर विवाद था। शुक्रवार को भी इसे लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस तक मामला पहुंचा लेकिन कोई हल नहीं निकला। पुलिस ने कोई खास कार्रवाई भी नहीं की। शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसी बीच एक पड़ोसी ने निजी असलहे से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियां इश्तियाक और उसके बेटे ओसामा को लगीं। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने ओसामा को मृत घोषित कर दिया। इश्तियाक को पेट और गले में गोली लगी है। हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि गोली मारने वाले युवक को गिरफ्तार करने के लिए 2 टीम बनाई गई हैं । युवक की तलाश में कई जगह पर पुलिस ने की छापामारी।
कोई टिप्पणी नहीं