ब्रेकिंग न्यूज

मुख्तार अंसारी के करीबियों पर कसेगा सरकार का शिकंजा


लखनऊ। मुख्तार अंसारी के करीब एक दर्जन करीबियों की अवैध संपत्तियां पुलिस ने चिन्हित कर ली है। इसमें अधिकतर में एलडीए और जिला प्रशासन से ब्योरा मिल चुका है। कुछ संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। इन विभागों से एनओसी मिलने के बाद ही सख्ती शुरू कर दी जाएगी। कुछ दिन पहले ही मुख्तार के बेटों के खिलाफ अवैध कब्जे का मुकदमा दर्ज किया गया था।शनिवार को इस सम्बन्ध में पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन के अफसरों के बीच फिर बात हुई है। माना जा रहा है कि गाजीपुर में मुख्तार की पत्नी आफसा अंसारी और उसके साले सरजील व अनवर पर गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद लखनऊ में फाइलें फिर से खंगाली जाने लगी हैं।इस समय पंजाब जेल में बंद मुख्तार की पूर्वांचल से लेकर लखनऊ तक में कई अवैध संपत्तियां है। उसकी शह पर रिश्तेदारों व अन्य गुर्गों ने भी कई सरकारी जमीनों पर भी कब्जा कर रखा था। इस बारे में शासन में शिकायत की गई थी। तब से ही मुख्तार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से ऐसा डंडा चलाया कि अब तक 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई हो चुकी है। इस गैंग की अवैध संपत्तियों को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। एक तरफ पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है तो दूसरी तरफ उनकी अवैध संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट 14 (1)के तहत सीज किया जा रहा है। तीसरी ओर अवैध निर्माण पर विकास प्राधिकरण अपना बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज कर दे रहा है। 

कोई टिप्पणी नहीं