ब्रेकिंग न्यूज

केजीएमयू में देश के सबसे ज्यादा क्षमता वाले प्लाज्मा बैंक का शुभारंभ होगा आज


लखनऊ। केजीएमयू में देश के सबसे ज्यादा क्षमता वाले प्लाज्मा बैंक का शुभारंभ होगा। इसका वर्चुअल उदघाटन राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आज शाम पांच बजे करेंगी।कोरोना के गंभीर मरीजों को स्वतंत्रता दिवस पर प्लाज्मा बैंक का तोहफा मिलेगा। कोरोना का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। कोरोना के गंभीर मरीजों की तादाद भी बढ़ रही हैं। राजधानी में सभी तकनीक से मरीजों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है। आईसोलेशन से लेकर वेंटिलेटर और प्लाज्मा थेरेपी तक की सुविधा है। गंभीर मरीजों की जान बचाने में प्लाज्मा थेरेपी की भूमिका है। इसे बढ़ावा देने के लिए केजीएमयू के ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग प्लाज्मा बैंक बनाया गया है।विभाग की अध्यक्ष डॉ. तूलिका चन्द्रा ने बताया कि अभी 45 कोरोना विजेताओं ने प्लाज्मा दान किया है। 25 मरीजों को प्लाज्मा चढ़ाया जा चुका है। कई जिलों में भर्ती मरीजों को प्लाज्मा आपूर्ति की गई है। उन्होंने बताया कि प्लाज्मा दान के लिए लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। केजीएमयू व दूसरे संस्थानों से ठीक हो चुके मरीजों को प्लाज्मा दान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। केजीएमयू में इलाज के दौरान संक्रमित होने वाले डॉक्टर व कर्मचारियों को प्लाज्मा दान के लिए कहा जा रहा है। जिन मरीजों को प्लाज्मा दान किया जा रहा है। उनके परिवारीजनों से बाद में ठीक हो चुके मरीजों से प्लाज्मा दान करने के लिए कहा जा रहा है।डॉ. तूलिका चन्द्रा के मुताबिक दिल्ली और महाराष्ट्र में प्लाज्मा बैंक है। केजीएमयू में प्लाज्मा सहजने की क्षमता अधिक होगी। करीब 830 यूनिट प्लाज्मा रखा जा सकता है। जरूरत पड़ने पर आसानी से क्षमता बढ़ाई जा सकती है।किसी भी अस्पताल में भर्ती मरीजों को जरूरत के मुताबिक प्लाज्मा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सभी जिम्मेदार विभागों से अनुमति मिल चुकी है। डॉ. तूलिका ने बताया कि ब्लड ग्रुप के हिसाब से प्लाज्मा चढ़ाया जाता है।

कोई टिप्पणी नहीं