ब्रेकिंग न्यूज

पंजाब से बिहार पैदल जा रहे मजदूरों को बस ने कुचला

मेरठ में बुधवार रात करीब एक बजे दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की जान चली गई। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाइवे पर पंजाब से लौट रहे मजदूरों को एक रोडवेज बस ने कुचल दिया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई और चार की हालत गंभीर है। देर रात सभी घायलों को मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।यह दर्दनाक हादसा मेरठ के घलौली चेकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के पास हुआ। बिहार में गोपालगंज जिले के रहने वाले कुछ मजदूर पंजाब से पैदल लौट रहे थे। पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया। बताया जा रहा है कि छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से मेरठ मेडिकल के लिए भेजा गया। इनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। सिटी कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने छह मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो मजदूरों से बातचीत हुई। उन्होंने रोडवेज बस से हादसा होना बताया है।पुलिस ने रात में ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में चार घायलों की हालत गंभीर है, इसलिए मरने वालों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मुजफ्फरनगर में एक सड़क दुर्घटना में पंजाब से बिहार जा रहे प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया  एवं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की । सभी घायलों का समुचित उपचार कराने तथा मृतकों के पार्थिव शरीर बिहार राज्य भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए । मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख तथा गंभीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए मंडलायुक्त, सहारनपुर को दुर्घटना के कारणों की जांच तथा इसके लिए दोषी का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के भी निर्देश दिए ।ज्ञातव्य है कि इस दुर्घटना से संबंधित बस के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं