ब्रेकिंग न्यूज

जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से करें अधिकारी- जिलाधिकारी

सुलतानपुर / नवागत जिलाधिकारी सी इंदुमती ने आज कलेक्ट्रेट प्रातः 09 बजे पहुंची और गार्ड ऑफ ऑनर लेने के पश्चात अपने कक्ष में जनता दर्शन के दौरान आये एक-एक फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता पूर्वक सुना तथा सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर फरियादियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध ढंग से निस्तारण का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किये जायें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी के जनता दर्शन में कुल 58 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से श्रीमती महजवी पुत्री नवाब अली, ग्राम दिलावलपुर, पीपरपुर, सुलतानपुर का मेडिकल कराये जाने व पारिवारिक विवाद तत्काल सुलझाने, अशोक कुमार सिंह, मोहल्ला विवेक नगर का रायफल स्थानान्तरण, बिन्देशरी, ग्राम बृजवारी, डीह ठग्गूपुर का कृषि ऋण माफी, पेंशन प्रकरण, भूमि विवाद सहित  आधा दर्जन प्रार्थना पत्रों का मौके पर डीएम द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों से निस्तारण कराया गया। डीएम ने शेष 52 प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित अधिकारियों को भेजने के निर्देश अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) को दिये। उन्होंने राजस्व सम्बन्धी प्रकरण का निस्तारण कराये जाने का निर्देश अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) को दिये।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद, सुलतानपुर को निर्देशित किया कि नगर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा नगर में अतिक्रमण एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक दशा में हटवा दिये जायें। उन्होंने कहा कि नगर में सार्वजनिक शौंचालय बनवाये जाने के लिये कार्य योजना यथाशीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने जिलापूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र सभी व्यक्तियों को राशन कार्ड मुहैया कराया जाये तथा ई-पास मशीन के माध्यम से खाद्यान का वितरण नियमित रूप से कराया जाये। इसमें किसी प्रकार लापरवाही क्षम्य नही होगी। डीएम ने जनता दर्शन के पश्चात जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष का निरीक्षण करते हुए अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) को निर्देशित किया कि न्यायालय और सुव्यवस्थित ढंग से किये जायें।
जनता दर्शन के अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण, विधायक लम्भुआ, देवमणि त्रिपाठी, व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष आदि जिलाधिकारी से अनौपचारिक भेंट की। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) हर्ष देव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) उमाकान्त त्रिपाठी, अपर उप जिलाधिकारी सदर, विधेश आदि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं