धनतेरस पर चौक बाजार में एसपी की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सुल्तानपुर आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। धनतेरस के अवसर पर 06/07 नवंबर की देर रात पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रमुख बाजार चौक में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी विनीत जायसवाल ने सीओ सिटी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित पुलिस बल के साथ चौक बाजार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाजार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी को परखा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और बाजार में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।पैदल गश्त के दौरान एसपी ने बाजार के व्यापारियों एवं आमजन से संवाद भी किया। उन्होंने सभी से धनतेरस एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बनी रहे, जिससे आम नागरिक बिना किसी भय के खरीदारी कर सकें और त्योहारों का आनंद उठा सकें। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।इस दौरान पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में पुलिस बल की सक्रियता और पैदल गश्त के जरिए आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं