पैदल गश्त कर एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
सुल्तानपुर दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शनिवार देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र की शाहगंज चौकी अंतर्गत स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने पंडाल समिति के सदस्यों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा प्रबंधों की हकीकत परखी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहें। पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा पंडालों में मौजूद समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से बातचीत कर आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने धार्मिक आयोजन के बीच भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया। उनके इस कदम से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

कोई टिप्पणी नहीं