ब्रेकिंग न्यूज

सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी की पैनी नजर, वल्लीपुर में पैदल गश्त के बाद व्यापारियों संग बैठक


सुल्तानपुर आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन, दुर्गापूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए  पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को एसपी विनीत जायसवाल ने थाना बल्दीराय क्षेत्र के वल्लीपुर में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त एवं रूट मार्च किया। एसपी ने प्रमुख मार्गों, बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश भी दिया गया। एसपी ने स्थानीय व्यापारियों एवं संभ्रांत लोगों से संवाद कर आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।गणेश प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन मार्गों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं।एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने तथा किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और आमजन से संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें।पैदल गश्त एवं बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी बल्दीराय सहित थाना बल्दीराय पुलिस एवं अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।



कोई टिप्पणी नहीं