सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा तोहफा, मानदेय में हुआ इजाफा
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए कहा कि अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 8 हजार रुपये के स्थान पर 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। वहीं आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका बच्चों, महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। सरकार उनके हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार कदम उठा रही है। मानदेय में बढ़ोतरी के साथ ही अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराने के लिए भी राशि दिए जाने की घोषणा की गई।अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र वीरान पड़े रहते थे और केंद्रों के लिए भेजे जाने वाले धन का दुरुपयोग होता था। उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही कार्यकर्ताओं के काम को भी व्यवस्थित किया है।सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें बच्चों और महिलाओं के लिए प्रभावी सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सीएम योगी ने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पहले शहर में बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने अयोध्या के विकास का विरोध किया। सीएम योगी ने कहा कि पहले अयोध्या में महज दो-तीन घंटे बिजली आती थी, जबकि आज अयोध्या रोशनी से जगमगा रही है।उन्होंने कहा कि अयोध्या अब सोलर सिटी के रूप में विकसित हो चुकी है और यहां बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं। सड़क, बिजली, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं में बदलाव दिखाई दे रहा है।सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर राम मंदिर के निर्माण का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने राम मंदिर के साथ-साथ अयोध्या के विकास का भी विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद अयोध्या का विकास रुका नहीं। सीएम योगी ने कहा कि विकास के लिए इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। सरकार ने इसी इच्छाशक्ति के साथ अयोध्या के विकास को आगे बढ़ाया है। आज देश और दुनिया के लोग अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि जिस तरह पिछले नौ वर्षों में अयोध्या की तस्वीर बदली है, उसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की स्थिति में भी लगातार सुधार हुआ है। मानदेय में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य बीमा और अन्य सुविधाएं सरकार की ओर से उनके सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कोई टिप्पणी नहीं