डीएम की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई आयोजित
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में समिति के एजेण्डा के विभिन्न बिन्दुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खेल प्रशिक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया । बैठक में बैडमिंटन प्रशिक्षक की व्यवस्था किए जाने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे खिलाड़ियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही जनपद में संचालित जिम एवं तरणताल के संचालकों से वार्षिक रजिस्ट्रेशन एवं अन्य शुल्क सहित ₹15,000 की एकमुश्त धनराशि जमा किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में जनपद में शराब/बीयर के विक्रय हेतु नवीन लाइसेंस प्राप्तकर्ताओं से ₹5,000 की एकमुश्त धनराशि जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति में जमा कराए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।बैठक में खिलाड़ियों एवं विशेषकर महिला खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में महिला चेंजिंग रूम एवं शौचालयों का निर्माण कराए जाने के प्रस्ताव को भी समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को खेल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर रख-रखाव एवं खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद की सभी तहसीलों में तहसील स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तहसील खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के गठन तथा तहसील स्तर पर समिति का खाता खोले जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। इसके लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण एवं तहसील स्तर से प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं खेल संघों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। बैठक में क्रीड़ाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिला खेल संघों के पदाधिकारी एवं सदस्य, हॉकी सचिव तारीक, जिला व्यायाम शिक्षक, कबड्डी सचिव तथा स्टेडियम के प्रशिक्षक, आशा सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं