ब्रेकिंग न्यूज

किसान दिवस में किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन विकास भवन प्रेरणा सभागार में किया गया। किसान दिवस में प्रगतिशील कृषकों छोटे लाल यादव, सत्य नारायण तिवारी, गाँधी सिंह, राम प्रकाश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, ओम प्रकाश सिंह, हृदयराम वर्मा, राम भारत गौड़ आदि द्वारा प्रतिभाग किया।  बैठक में किसान दिवस में उपस्थित किसानों को किसान हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में किसानों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का त्वरित गति से गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारित प्रकरणों के संबंध में संबंधित किसानों को भी अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्या के समाधान की जानकारी प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी  ने उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि उनकी अध्यक्षता में संबंधित किसानों की बैठक आयोजित कर आंवला, मत्स्य पालन, डेयरी आदि क्षेत्रों में संभावनाओं को चिन्हित करते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे जनपद में स्थानीय उत्पादों एवं कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए ‘एक उत्पाद-एक जनपद’ के तहत प्रभावी कार्य किया जा सके। बैठक में कृषि विज्ञान केन्द्र, सुलतानपुर द्वारा कृषि की समसामयिक गतिविधियों एवं विषयों पर किसानों को जानकारी दी गई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा पशुओं के बीमा तथा पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को प्रदान की गई। किसान दिवस में विद्युत, सिंचाई, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, बैंकिंग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में किसानों द्वारा विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।  जिलाधिकारी  ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं समस्या का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए तथा निस्तारण की सूचना संबंधित किसान को उपलब्ध कराई जाए। बैठक में उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड-सुलतानपुर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड-कादीपुर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड-बल्दीराय, अधिशासी अभियंता शा०सहा०सिं०खं०-16, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रतिनिधि जिला उद्यान अधिकारी, जिला प्रबंधक, अग्रणी बैंक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, सहायक अभियंता, लघु सिंचाई, गन्ना पर्यवेक्षक, शा०सहा०सिं०खं० आई.डी, सहायक अभियंता, नलकूप, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

कोई टिप्पणी नहीं