ब्रेकिंग न्यूज

छात्राओं के फीडबैक से चिन्हित होंगे मनचलों के अड्डे, एंटी रोमियो स्क्वाड देगी रेड कार्ड


सुलतानपुर मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने अभिनव पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अब छात्राओं और महिलाओं से सीधे फीडबैक लेकर उन स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां शोहदों और मनचलों का जमावड़ा रहता है

या महिलाओं व छात्राओं के साथ छींटाकशी और अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं। फीडबैक के आधार पर एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता संबंधित स्थानों पर बढ़ाई जाएगी।जनपद की सभी एंटी रोमियो स्क्वाड टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य संस्थानों में पहुंचकर छात्राओं को फीडबैक फॉर्म उपलब्ध कराएंगी। इसमें छात्राओं से उनके आसपास महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े स्थानों, समस्याओं और मनचलों की गतिविधियों को लेकर सुझाव लिए जाएंगे। प्राप्त फीडबैक के आधार पर थाना स्तर पर ऐसे स्थानों को चिन्हित कर उनकी मैपिंग की जाएगी।पुलिस द्वारा प्राप्त सुझावों में सामने आने वाले स्थानों को थानावार चिन्हित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित समय और स्थान के अनुसार एंटी रोमियो स्क्वाड की गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी। दुकानों, मॉल, गली-मोहल्लों, पार्कों, स्कूल-कॉलेजों तथा इनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।इस पहल का उद्देश्य पुलिस की कार्रवाई को छात्राओं और महिलाओं की वास्तविक समस्याओं से जोड़ना है, ताकि उन स्थानों पर प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा सके जहां मनचलों की गतिविधियां अधिक रहती हैं।फीडबैक के आधार पर चिन्हित स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा अभियान चलाकर शोहदों और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, आपत्तिजनक हरकत करते पाए जाने वाले मनचलों को रेड कार्ड दिया जाएगा। इसे अंतिम चेतावनी के रूप में माना जाएगा।रेड कार्ड दिए जाने वाले व्यक्ति का नाम, पता और अन्य आवश्यक विवरण निर्धारित प्रारूप में एंटी रोमियो टीम द्वारा दर्ज किया जाएगा। इस रिकॉर्ड को भविष्य की कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। यदि रेड कार्ड मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति दोबारा छात्राओं या महिलाओं के साथ अभद्रता, छींटाकशी अथवा अन्य आपत्तिजनक हरकत करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि छात्राओं और महिलाओं से फीडबैक लेने का उद्देश्य ऐसे स्थानों की पहचान करना है जहां मनचले लड़कों का जमावड़ा रहता है। मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी सीधी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह पहल की जा रही है।पुलिस का मानना है कि छात्राओं से मिलने वाले फीडबैक से उन स्थानों की वास्तविक जानकारी मिल सकेगी, जहां सामान्य निगरानी के दौरान समस्याएं सामने नहीं आ पाती हैं। इसके आधार पर पुलिस संसाधनों और एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता को अधिक प्रभावी ढंग से लगाया जा सकेगा।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी अलग-अलग स्कूलों, कॉलेजों एवं संस्थानों में जाकर छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस सेवाओं की जानकारी देंगे। इस दौरान 1090 वीमेन पावरलाइन, डायल 112 और एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली के बारे में छात्राओं को जागरूक किया जाएगा।पुलिस का उद्देश्य है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता या असुरक्षा की स्थिति में छात्राएं और महिलाएं बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध हेल्पलाइन का उपयोग कर सकें।


कोई टिप्पणी नहीं