अवैध झटका मशीनों के खिलाफ सुलतानपुर में चला अभियान, डीएम ने दिए तत्काल हटाने के निर्देश
सुल्तानपुर फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों द्वारा खेतों के आसपास अवैध रूप से लगाई जा रही झटका मशीनों से करंट लगने के कारण हो रही मौतों को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने गंभीरता से लिया है। घटनाओं का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध झटका मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम के निर्देश के बाद जिले की सभी तहसीलों में राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं। टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर खेतों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए झटका मशीनों तथा उनसे जुड़े विद्युत तारों की जांच की। अभियान के दौरान ऐसी मशीनों को मौके से हटवाने की कार्रवाई की गई।फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए कई किसानों द्वारा खेतों की मेड़ के आसपास बिजली का करंट प्रवाहित करने वाली झटका मशीनें लगा दी जाती हैं।
इन मशीनों की चपेट में आने से इंसानों और पशुओं के घायल होने तथा मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल में हुई ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने इसे जनसुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला माना है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान को केवल एक-दो स्थानों तक सीमित न रखते हुए समस्त तहसील एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से चलाया जाए, ताकि अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित करने वाली व्यवस्थाओं को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाई गई झटका मशीनों को हटवाने के साथ ही संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है। संयुक्त टीमों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां दोबारा झटका मशीनें लगाए जाने की आशंका हो।जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि फसल सुरक्षा के लिए खेतों में किसी भी प्रकार से अवैध विद्युत करंट प्रवाहित न करें। ऐसा करना न केवल जानलेवा साबित हो सकता है, बल्कि इसके कारण किसी व्यक्ति या पशु की जान जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।प्रशासन का उद्देश्य अवैध झटका मशीनों को हटाकर खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में मानव एवं पशु जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



कोई टिप्पणी नहीं