ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में कई जिलों में गरज-चमक और वर्षा का अलर्ट


लखनऊ उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस से लोग बेहाल थे, लेकिन अब बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 17 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होगी, जबकि 19 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद वर्षा की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।मौसम विभाग ने गुरुवार को लखनऊ सहित प्रदेश के अनेक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका है। वहीं मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज अच्छी बारिश होने की संभावना है। इनमें सीतापुर, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, कानपुर, हरदोई, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, वाराणसी और चंदौली शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि इन जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और मैनपुरी में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण नमी वाली हवाएं उत्तर भारत की ओर बढ़ रही हैं। इसके साथ ही 19 जुलाई से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को और बढ़ाएगा। इसके प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी दोनों उत्तर प्रदेश में मेघ गर्जन, तेज बारिश और वज्रपात की घटनाएं बढ़ सकती हैं।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। 22 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं