ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर में मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले-समय से पहले चुनाव का बयान बता रहा अखिलेश यादव घबराए हुए हैं


सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव को सुल्तानपुर का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। गुरुवार को वे पहली बार जिले में पहुंचे तो भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर सीधा हमला बोलते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह कोई सामाजिक गठबंधन नहीं है।उन्होंने पीडीए को "परिवार डेवलपमेंट एसोसिएशन, सैफई खानदान" करार दिया। उन्होंने पूछा कि जब केंद्र और राज्य में सपा के सहयोग वाली सरकारें थीं, तब पिछड़े वर्ग को संवैधानिक दर्जा क्यों नहीं मिला? यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है।मंत्री ने याद दिलाया कि दलित समाज की बेटी (मायावती) को पहली बार मुख्यमंत्री बनाने में भाजपा ने सहयोग किया था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सपा के समय लखनऊ के स्टेट गेस्ट हाउस कांड में किसके द्वारा दलित समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई थी।उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर से जुड़े स्थानों को 'पंचतीर्थ' के रूप में विकसित करने और उन्हें सम्मान देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। इसके अलावा रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर भाजपा ने दलित और आदिवासी समाज का वास्तविक सम्मान किया है।अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश के गृह मंत्रालय को 'अंडरग्राउंड' बताए जाने पर मंत्री ने राज्य सरकार की नीति को स्पष्ट किया।सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराध में लिप्त कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।सपा प्रमुख द्वारा अपने कार्यकर्ताओं से समय से पहले चुनाव के लिए तैयार रहने के आह्वान पर प्रभारी मंत्री ने कहा "अखिलेश यादव पूरी तरह से घबराए हुए हैं। वह निराश और हताश हैं, इसीलिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।"आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह द्वारा प्रयागराज में बिजली काटे जाने और प्रशासन द्वारा बैठक रोके जाने के आरोपों पर उन्होंने तंज कसा। मंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को (चुनावों में) जवाब दे दिया है और पंजाब की जनता भी जल्द ही जवाब देने वाली है, इसलिए उन्हें थोड़ा इंतजार करना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं