ब्रेकिंग न्यूज

विश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में आज लगेगा हरियाली का महाकुंभ


लखनऊ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हरियाली का महाकुंभ सजने जा रहा है। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से इस वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे।वन विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी कुकरैल वन क्षेत्र में 200 से अधिक पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों तथा ग्राम पंचायतों में दिनभर पौधरोपण कार्यक्रम चलेंगे।अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, वन एवं नगर विकास विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा गया है।पौधरोपण के लिए अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का चयन किया गया है। सरकार का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रदेश में हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।पौधरोपण अभियान के तहत लखनऊ मंडल में सर्वाधिक 62 लाख 77 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अयोध्या मंडल में 30 लाख 41 हजार, बरेली में 32 लाख 21 हजार तथा प्रयागराज मंडल में 32 लाख 17 हजार पौधे लगाए जाएंगे। आगरा मंडल को 24 लाख 67 हजार, मेरठ को 19 लाख 6 हजार, अलीगढ़ को 18 लाख 97 हजार और सहारनपुर मंडल को 14 लाख 86 हजार पौधों का लक्ष्य दिया गया है। अन्य मंडलों के लिए भी अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।अभियान में सबसे बड़ी जिम्मेदारी ग्राम्य विकास विभाग को दी गई है, जो 3 करोड़ पौधे लगाएगा। कृषि विभाग 75 लाख पौधों का योगदान देगा। वन विभाग और उद्यान विभाग को 50-50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। पंचायती राज विभाग 20 लाख तथा नगर विकास विभाग 5 लाख पौधे लगाएगा।राज्य सरकार का दावा है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा और जनभागीदारी के माध्यम से वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं