एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत सुल्तानपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
सुल्तानपुर विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग उ०प्र०/ जनपद प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत खुर्शीद क्लब परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी व नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, प्रतिनिधि विधायक लम्भुआ पंकज पटेल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश कुमार दुबे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया ।
तत्पश्चात जनपद प्रभारी मंत्री ने बेल का पौधा रोपित कर ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आंवला, पीपल, सीता अशोक, बरगद, महोगनी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के उपरांत आयोजित हस्ताक्षर अभियान में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को चंदन का पौधा एवं विरासत वृक्ष का स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट किया। मुख्य विकास अधिकारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष को चंदन का पौधा एवं विरासत वृक्ष चित्र स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट किया गया।
वहीं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य विकास अधिकारी को विरासत वृक्ष का चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में प्रदान किया।भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री जी का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान को सरकार की महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। प्रभारी मंत्री जनसामान्य को सम्बोधित करते हुये कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ पौधे रोपित किए जा रहे हैं, जबकि जनपद में 5 लाख 94 हजार पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का भी संकल्प ले। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। पीपल, बरगद, नीम एवं अन्य फलदार तथा उपयोगी वृक्ष हमारी संस्कृति, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे पौधों का अधिकाधिक रोपण कर भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। प्रभारी मंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी उपस्थित जनसमुदाय को प्रदान की तथा पर्यावरण संरक्षण को जनसहभागिता से जोड़ने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग ने जनसामान्य से वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए बताया कि जनपद में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, नगर विकास एवं अन्य विभागों के सहयोग से व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जाएगा तथा पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश जन-जन तक पहुँचाने तथा वृक्षारोपण को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने की प्रेरणा प्रदान की गई।




कोई टिप्पणी नहीं