ब्रेकिंग न्यूज

डीएम की अध्यक्षता में वृक्षारोपण की तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक हुई आयोजित


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विगत वर्ष 2025-26 में रोपित पौधों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हेतु जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई इसके साथ ही जिला पर्यावरण समिति तथा जिला आर्द्रभूमि समिति की बैठक भी आहूत की गई। जिलाधिकारी ने डीएफओ को निर्देशित करते हुये कहा गया कि इस बार का वृक्षारोपण अभियान में मियावाकी पद्धति को प्रमुखता से अपनाते हुये पौध रोपण किया जाये। मियावाकी पद्धति में बहुत कम जगह में पौधो का अत्यधिक सघनता के साथ लगाया जाता है।   बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों को आवंटित वृक्षारोपण लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्धारित स्थलों का चयन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वर्ष 2025-26 में रोपित पौधों की जीवितता दर (सर्वाइवल रेट) की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई, सुरक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की सफलता केवल पौधे लगाने से नहीं बल्कि उन्हें संरक्षित एवं विकसित करने से सुनिश्चित होती है। उन्होने कहा कि सभी पौधौ की फेंसिंग/ट्रीगार्ड की व्यवस्था जरूर करायें।  बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों को आवंटित वृक्षारोपण लक्ष्यों की समीक्षा की गई तथा रोपण स्थलों के चिन्हांकन, पौधों की उपलब्धता, जनसहभागिता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया । जिलाधिकारी  ने निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान में शासकीय विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।    जिलाधिकारी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों सहित कई अन्य विभागों को पौध रोपण हेतु स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिये। उन्होने निर्देशित किया कि लम्भुआ में पौध रोपण हेतु चिन्हित 5 हे0 के भू-खण्ड का निरीक्षण वह स्वयं करेंगे, उन्होनें डीएफओ से जानकारी प्राप्त की कि लक्ष्य के अनुरूप नर्सरियों में कितनी पौध तैयार की गयी है, डीएफओ द्वारा अवगत कराया गया कि कुल 47 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 83 लाख पौधे नर्सरियों में उगाये गये हैं। जिलाधिकारी ने भूगर्भ विभाग, सिंचाई विभाग व ईओं कादीपुर व लम्भुआ के अधिशासी अभियन्ता के बैठक में अनुपस्थित होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।  जिला पर्यावरण समिति की बैठक में वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी  ने संबंधित अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।   जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी  ने नदी संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया।  जिला आर्द्रभूमि समिति की बैठक में जनपद की आर्द्रभूमियों के संरक्षण, संवर्धन एवं जैव विविधता के संरक्षण हेतु संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को आर्द्रभूमियों के संरक्षण हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।  बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे तथा विभिन्न समितियों के कार्यों एवं प्रगति से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी महोदय ने सभी अधिकारियों को समन्वित प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कोई टिप्पणी नहीं