ब्रेकिंग न्यूज

गोमतीनगर के सहारा शहर में बनेगा नया विधानभवन, एलडीए ने जारी किया टेंडर


लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की जमीन पर नया विधानभवन बनाने का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। शासन स्तर पर निर्णय होने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने डिजाइन और प्लानिंग के लिए कंसल्टेंट चयन हेतु शुक्रवार को आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) जारी कर दिया है। इससे साफ संकेत मिल गए हैं कि प्रदेश की नई विधानसभा अब गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की जमीन पर ही विकसित की जाएगी।

डीपीआर बनने के बाद तय होगा बजट और समयसीमा

नए विधानभवन के निर्माण में कितना बजट खर्च होगा और इसे तैयार होने में कितना समय लगेगा, इसका अंतिम आकलन विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल एलडीए ने परियोजना की रूपरेखा तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

245 एकड़ जमीन पर बनेगा विशाल सरकारी कॉम्प्लेक्स

जिस जमीन पर नया विधानभवन प्रस्तावित है, उसका कुल क्षेत्रफल 245 एकड़ है। इसमें से 75 एकड़ जमीन एलडीए की ग्रीन बेल्ट श्रेणी में थी, जबकि 170 एकड़ जमीन लखनऊ नगर निगम ने सहारा शहर को आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए लीज पर दी थी।एलडीए ने करीब डेढ़ साल पहले इस जमीन को वापस अपने कब्जे में लिया था। इसके बाद सितंबर माह में नगर निगम ने भी लीज की शर्तों के उल्लंघन का हवाला देते हुए अपनी जमीन वापस ले ली थी। तभी से इस इलाके में नए विधानभवन के निर्माण की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

छह महीने पहले हुई थी जमीन की पैमाइश

सूत्रों के अनुसार शासन के निर्देश पर लगभग छह महीने पहले जमीन की पैमाइश भी कराई गई थी। इसके बाद उच्च स्तर पर यहां विधानभवन निर्माण का फैसला लिया गया। अब एलडीए ने कंसल्टेंट नियुक्ति के लिए औपचारिक टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।टेंडर प्रक्रिया के तहत 23 मई से 21 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे।

सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास भी बनेंगे

जानकारों का कहना है कि प्रदेश सरकार नई विधानसभा के लिए करीब 200 एकड़ जमीन की तलाश कर रही थी। सहारा शहर की यह जमीन लोकेशन, उपलब्ध क्षेत्रफल और आवागमन की दृष्टि से सबसे उपयुक्त मानी गई।प्रस्तावित योजना के अनुसार यहां केवल विधानभवन ही नहीं, बल्कि सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास और अन्य प्रमुख सरकारी कार्यालय भी विकसित किए जाएंगे। इसी वजह से एलडीए द्वारा जारी टेंडर में इसे “विधानभवन कॉम्प्लेक्स” परियोजना के रूप में शामिल किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं