कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों पर बढ़ेगा बोझ
तेल कंपनियों ने एक बार फिर महंगाई का बड़ा झटका देते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में एकमुश्त 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 3255.50 रुपये हो गई है। इससे पहले यह सिलेंडर 2262.50 रुपये में मिल रहा था।इतना ही नहीं, 5 किलोग्राम वाले छोटू सिलेंडर की कीमत में भी उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। अब यह सिलेंडर 862 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि पहले इसकी कीमत 597.50 रुपये थी। यानी छोटे व्यापारियों और अस्थायी उपयोग करने वालों के लिए भी गैस अब महंगी हो गई है।हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह सिलेंडर अभी भी 975 रुपये में मिल रहा है। गौरतलब है कि अप्रैल में इसकी कीमत 915 रुपये थी, लेकिन अब इसमें स्थिरता बनाए रखी गई है।बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों के इतिहास में यह पहली बार है जब कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इतनी बड़ी एकमुश्त बढ़ोतरी की गई है। रसोई गैस की बढ़ती मांग के बीच यह फैसला लिया गया है, खासकर तब जब मांगलिक कार्यक्रमों और बड़े आयोजनों में कमर्शियल सिलेंडरों का उपयोग तेजी से बढ़ा है।घरेलू गैस कनेक्शन पर डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) की अनिवार्यता लागू होने के बाद कई उपभोक्ताओं ने कमर्शियल सिलेंडर की ओर रुख किया था। लेकिन अब अचानक बढ़ी कीमतों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।नई दरों के अनुसार, 5 किलोग्राम सिलेंडर पर प्रति किलोग्राम गैस की कीमत 171.5 रुपये हो गई है, जबकि 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर पर यह 171.08 रुपये प्रति किलोग्राम पड़ रही है।इसके अलावा, 47.5 किलोग्राम वाले एक्स्ट्रा तेज सिलेंडर की कीमत में भी 2482.50 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। पहले यह सिलेंडर 5708.50 रुपये में मिलता था, जो अब बढ़कर 8191 रुपये हो गया है। वहीं, 19 किलोग्राम एक्स्ट्रा तेज सिलेंडर की कीमत 2285 रुपये से बढ़ाकर 3278 रुपये कर दी गई है।इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्तरां, ढाबों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। साथ ही, इसका असर आम जनता पर भी अप्रत्यक्ष रूप से देखने को मिलेगा, क्योंकि खाद्य पदार्थों और सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं